ऑपरेशन क्रैकडाउन का असर: बनभूलपुरा में 2 तमंचे और 17 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। जनपद को अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी को दो तमंचों और 17 अवैध कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के आदेश पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल व पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित सैनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है और परिवारजनों को धमकाकर झगड़ा करता है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान, निवासी निकट आयशा मस्जिद, गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल (उम्र लगभग 60 वर्ष) घर पर मौजूद मिला।
परिजनों ने पूछताछ में बताया कि मोबिन खान परिवार को धमकाता है और उसके पास अवैध हथियार है। पुलिस ने अभियुक्त और उसके परिजनों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, जिसमें—
01 तमंचा 315 बोर
02 कारतूस 315 बोर
01 तमंचा 12 बोर
04 कारतूस 12 बोर
01 कारतूस 7.62 बोर
10 कारतूस 7.65 बोर (सफेद डिब्बे में)
बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट व 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत थाना बनभूलपुरा में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त के खिलाफ थाना मुखानी में वर्ष 2017 में धारा 354/363/506 भादवि व 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज था, जिसमें उसे सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी।
यह मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर लंबित है। आरोपी ने वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त होने की भी जानकारी दी है।














