ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अपराध एवं अपराधियों के प्रति एसएसपी डॉ0 मंजुनाथ टीसी का कड़ा रूख,

ऑपरेशन प्रहार के तहत झपटमार गिरोह पर वार, लाखों के मोबाईल फोन बरामद

हल्द्वानी में झपटमार गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर संरक्षण में

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।

घटना 3 अप्रैल 2026 की रात की है, जब लाल मस्जिद क्षेत्र निवासी जुबैर आलम रेलवे स्टेशन तिराहे के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की केटीएम बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका सैमसंग गैलेक्सी A-35 मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। मामले में बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले रोडवेज के पास भी मोबाइल छीनने की घटना सामने आई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने गौला पार्किंग के पास से 19 वर्षीय फैजान अली को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों—रोडवेज, केएमयू के पीछे, बेस अस्पताल, प्रेम टॉकीज और राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग—पर कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त केटीएम ड्यूक बाइक और कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस टीम की इस सफलता पर एसएसपी ने उन्हें 1500 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करें।

यह भी पढ़ें :  IPL सट्टेबाजी पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, कालाढूंगी और हल्द्वानी से दो गिरफ्तार
error: Content is protected !!