हल्द्वानी। शहर के वार्ड 19, रामपुर रोड स्थित पर्वतीय मोहल्ला गली नंबर 11 फेस-2 की जर्जर सड़कों और बदहाल नालियों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपा।
समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2014 के बाद से क्षेत्र में सड़कों और नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। बरसात के दौरान नालियों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब सड़कों के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है। क्षेत्रवासी इस समस्या को लेकर लगातार आंदोलन भी कर रहे हैं।
बताया गया कि इससे पूर्व 28 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी ज्ञापन सौंपकर जल्द धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई थी।
अंजलि वर्मा ने कहा कि उनके प्रयासों से वर्ष 2014 में 37 लाख और वर्ष 2025 में 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि 7 दिसंबर 2024 को इस मुद्दे को लेकर वह रामपुर रोड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध दर्ज करा चुकी हैं।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि पर्वतीय मोहल्ला फेस-2 में सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत कर कार्य शुरू कराया जाए।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान होगा।

