ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड के आरोपियों द्वारा योग सेंटर संचालित किए जाने के विरोध में पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा।

यह ज्ञापन सर्किट हाउस काठगोदाम में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दिया गया।

पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड के महानगर अध्यक्ष फौजी भुवन पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ज्योति मेर की हत्या के आरोपी जमानत पर बाहर आकर योग सेंटर चला रहे हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है और पीड़ित परिवार व जनभावनाओं को ठेस पहुंच रही है।

फौजी भुवन पाण्डेय ने कहा कि “पहाड़ की बेटी की हत्या के आरोपी किसके संरक्षण में योग सेंटर चला रहे हैं, यह गंभीर सवाल है। पुलिस द्वारा पहले कहा गया था कि योग सेंटर बंद रहेगा, बावजूद इसके आरोपी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।”

इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल ने मुख्यमंत्री से पहाड़ की बेटियों के खिलाफ बढ़ते जघन्य अपराधों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावी रोकथाम की मांग की।

वहीं महिला जिलाध्यक्ष प्रेमा मेर ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री से ज्योति मेर को अपनी बेटी मानकर न्याय दिलाने और आरोपियों के योग सेंटर को तत्काल बंद कराने की अपील की।

नगर अध्यक्ष कविता जीना ने भी मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लेने और प्रशासन व पुलिस के सहयोग न मिलने की शिकायत सामने रखी।

ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने SSP नैनीताल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद SSP नैनीताल ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि यह उनका स्टैंडिंग ऑर्डर है कि संबंधित योग सेंटर नहीं चलेगा, और इसे बंद कराया जाएगा।

पहाड़ी आर्मी ने प्रशासन से SSP के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की और उम्मीद जताई कि पहाड़ की बेटी ज्योति मेर से जुड़ी जनभावनाओं का सम्मान किया जाएगा।

इस अवसर पर पहाड़ी आर्मी के हरेंद्र राणा भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने नैनीताल विधानसभा के दुरुस्त गांवों का किया भ्रमण,ग्रामीणों की सुनी जन समस्याएं
error: Content is protected !!