हल्द्वानी। उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। पहले चरण में मकानों की गणना और सूचीकरण कार्य को लेकर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है।
इसी क्रम में हल्द्वानी नगर निगम में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों को बताया गया कि किस प्रकार मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद यही प्रशिक्षक जिलों में तैनात कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जानकारी के अनुसार, जनगणना 2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 25 अप्रैल से शुरू होगा। वहीं, आमजन को इस बार स्व-गणना का विकल्प भी दिया गया है। स्वगणना की प्रक्रिया 10 अप्रैल से प्रारंभ होगी, जिसमें लोग ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसके बाद जब फील्ड में गणना कार्य शुरू होगा, तो कार्मिकों द्वारा स्व-गणना के आंकड़ों का सत्यापन किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशक जनगणना ईवा श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए इस बार तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।
