ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गर्मी से पहले जल संस्थान की बड़ी तैयारी, हल्द्वानी के कई इलाकों में खत्म हुई पानी की किल्लत

हल्द्वानी।  गर्मियों के दौरान संभावित पेयजल संकट को देखते हुए जल संस्थान ने इस बार पहले से ही व्यापक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली के अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से जिन इलाकों में लगातार पानी की समस्या बनी रहती थी, उन्हें चिन्हित कर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

दमुवाढूंगा, राजपुरा, बिठौरिया और मुखानी जैसे क्षेत्रों को जल संकट के प्रमुख जोन के रूप में चिह्नित किया गया था। इनमें से राजपुरा और बिठौरिया में नए नलकूप स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे वहां की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। इसके अलावा छडेल क्षेत्र में भी ट्यूबवेल लगाकर जलापूर्ति को मजबूत किया गया है।

हालांकि दमुवाढूंगा के कुछ हिस्सों में अब भी समस्या बनी हुई है, लेकिन विभाग ने यहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। साथ ही कोशिश की जा रही है कि इस बार टैंकरों पर निर्भरता कम कर पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

हरिपुर और मल्ला प्लॉट क्षेत्रों को नजदीकी टैंक और ट्यूबवेल से जोड़ने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए यूयूएसडीए के सहयोग से नई पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।

हाल ही में मुख्य महाप्रबंधक की अध्यक्षता में जनपद नैनीताल की समीक्षा बैठक में भी निर्देश दिए गए हैं कि गर्मियों से पहले सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके तहत स्पेयर मोटर पंप, स्टेबलाइजर और अन्य उपकरणों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विभाग ने टैंकर संचालन को लेकर भी पूरी तैयारी कर ली है। विभागीय टैंकरों के साथ-साथ निजी टैंकरों को भी चिन्हित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में हनुमान भक्तों द्वारा हनुमान जन्मोत्सव को लेकर बैठक आयोजित
error: Content is protected !!