ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल के भीमताल ब्लॉक में खुर्पाताल गहलना और जमीरा के ग्रामीण कई वर्षों से 7 किलोमीटर मोटर मार्ग की मांग रहे है।

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। भीमताल ब्लॉक के खुर्पाताल क्षेत्र के गहलना, जमीरा और सिल्मोडिया गांव के ग्रामीण कई वर्षों से मंगोली से गहलना तक लगभग 7 किलोमीटर मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सका है।

सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग न होने से सामान लाने-ले जाने में परेशानी होती है, वहीं स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।

इसके अलावा क्षेत्र में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।

गांव में यदि कोई बीमार पड़ जाए या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना हो तो उन्हें डोली या घोड़े-खच्चरों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार समय पर उपचार न मिल पाने के कारण इसी रास्ते में अब तक चार मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण के लिए कई बार विधायक और सांसद को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधि आए और चले गए, लेकिन सड़क की समस्या जस की तस बनी हुई है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का सर्वे कर पिलर भी गाड़े जा चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 2027 से पहले सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

इसी दौरान भाजपा नेता हेमचंद आर्य भारी बारिश के बावजूद करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर सिल्मोडिया गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका विरोध करते हुए “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और सांसद के नाम मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने फोन पर बताया कि जमीरा-गहलना मोटर मार्ग से संबंधित दो फाइलें नैनीताल डीएफओ द्वारा देहरादून में नोडल अधिकारी को भेजी जा चुकी हैं।

देहरादून स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइल केंद्र सरकार को भेजी जाएगी और स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

इस दौरान ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या सहित नवीन सिंह, प्रमोद सिंह, कुंवर सिंह, चंद्रशेखर सिंह कार्की, राधा देवी, बसंती देवी, पुष्पा देवी, हेमा देवी, ममता देवी, भगवती देवी, कमला देवी, मुन्नी आर्या, गीता देवी, हरीश गोसामी, मदन सिंह, गोपाल सिंह, हरेंद्र बिष्ट, दीपु कंवाल, महेंद्र अधिकारी,गौरव गोस्वामी, सुरेंद्र सिंह अधिकारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री धामी ने सफाई निरीक्षकों को दिए नियुक्ति पत्र, शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास

You missed

error: Content is protected !!