रानीखेत। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना अंतर्गत विकासखंड चौखुटिया में गठित माँ दूनागिरी स्वायत्त सहकारिता को बीज उत्पादन संस्था के रूप में सफलतापूर्वक विकसित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के मार्गदर्शन में इस पहल के अंतर्गत रबी सीजन में कृषि विभाग के सहयोग से गेहूं की वी.एल.-967 प्रजाति का 10 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज उत्पादन किया गया।
इस योजना के तहत कृषि विभाग द्वारा सहकारिता को बीज उत्पादन का लाइसेंस प्रदान किया गया।
तथा उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम, पंतनगर के साथ बीज प्रसंस्करण हेतु अनुबंध किया गया। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय बीज निगम, पंतनगर द्वारा सहकारिता को एक अधिकृत संस्था के रूप में मान्यता दी गई है।
बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु उत्तराखंड बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा किसानों का पंजीकरण कर समय-समय पर प्रक्षेत्र भ्रमण भी किया गया। कृषकों द्वारा कुल 24 कुंतल बीज का उत्पादन किया गया है।
जिसे विधायन हेतु उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम, पंतनगर को भेजा गया है। प्रसंस्करण उपरांत यह बीज कृषि विभाग के माध्यम से क्षेत्रीय किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
यह पहल महिला सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन तथा स्थानीय संसाधनों के कुशल उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।
बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता क्षेत्रीय विकास का नया आयाम स्थापित करेगी।














