हल्द्वानी। नए शैक्षिक सत्र को देखते हुए जनपद नैनीताल में शैक्षिक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
इसी क्रम में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभागार में जिले के प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जनपद के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों तथा निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों के साथ विभिन्न शैक्षिक और प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक होनी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिपत्रों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने विद्यालयों को प्रवेश शुल्क और शिक्षण शुल्क से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करने, छात्रों को गुणवत्तापूर्ण पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने, गणवेश व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नई शिक्षा नीति के तहत बैग पॉलिसी का अनुपालन और विद्यालयों की वेबसाइट पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराना भी अनिवार्य बताया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि हर वर्ष प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा और विद्यालयों की गणवेश में अनावश्यक या बार-बार बदलाव नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा 3 जनवरी 2026 को जारी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।





