ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। श्री राम सेवक सभा नैनीताल द्वारा आयोजित तथा दी कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रायोजन में चल रहे 30वें फागोत्सव के तहत आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता का जूरी सदस्यों द्वारा मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 19 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के जूरी में प्रसिद्ध फोटोग्राफर पद्मश्री अनूप साह, थ्रीश कपूर और प्रदीप पांडे शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की तस्वीरों का मूल्यांकन करते हुए परिणाम घोषित किए।

प्रतियोगिता में डॉ. मोहित सनवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 7500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय स्थान शमशेर सिंह शंभू को मिला, जिन्हें 5000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। वहीं तृतीय स्थान मौलिख सनवाल को प्राप्त हुआ, जिन्हें 3500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विमल जोशी, प्रमोद प्रसाद, सुरेश कांडपाल और कल्याणी तिवारी को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1000-1000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में संयोजक हिमांशु जोशी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि प्रो. ललित तिवारी ने संचालन करते हुए जूरी सदस्यों का परिचय कराया। जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए फोटोग्राफी से जुड़े कई महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मोहित सनवाल इससे पूर्व वर्ष 2013 के शरदोत्सव में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।

थिएटर कलाकार डॉ. सनवाल को फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कार मिल चुका है।

प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को बुरांश एवं लेंस मेस्ट्रो ग्रुप द्वारा आयोजित हिमालयन लैंडस्केप फोटोग्राफी वर्कशॉप में निःशुल्क प्रवेश का अवसर भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें :  GYAN मॉडल पर टिका धामी सरकार का बजट, ₹1.11 लाख करोड़ से गरीब-युवा-किसान-महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
error: Content is protected !!