ट्रॉली और कार से टकराई एसयूवी: अयोध्या जा रहे पिथौरागढ़ के तीन लोगों की मौत, दो घायल और पांच लोग जख्मी
अयोध्या में श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवक लखीमपुर खीरी (यूपी) में दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की यह खबर दोनों जिलों में पहुंचते ही हर कोई स्तब्ध रह गया। इस हादसे से जहां तीनों युवकों परिजन गहरे सदमे में हैं वहीं क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
बता दें कि, शनिवार को पिथौरागढ़ के विण-जाखनी से चंचल सिंह, कुंदन सिंह, प्रतीक शर्मा, नरेंद्र सिंह धामी, अनिकेत बोरा कार (यूके 05 डी 5885) से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे।
यह कार नरेंद्र सिंह धामी की थी। रविवार सुबह लखीमपुर खीरी में सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में पीपली के डौड़ा गांव निवासी चंचल सिंह (40) पुत्र मोहन सिंह, क्वीतड़ निवासी कुंदन सिंह सौन (25) वर्ष पुत्र भूपेंद्र सिंह सौन और बाराकोट जिला चंपावत हाल जाखनी पिथौरागढ़ निवासी प्रतीक शर्मा (24) वर्ष पुत्र भुवन चंद्र शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा गाजरी पीपली निवासी नरेंद्र सिंह धामी और विण निवासी अनिकेत बोरा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए हैं।
तीन युवकों की मौत से पिथौरागढ़ में गहरा शोक व्याप्त है। हादसे में घायल नरेंद्र सिंह धामी मर्चेंट नेवी में है और इन दिनों अवकाश पर घर आया हुआ था। अनिकेत बोरा अग्निवीर में भर्ती हो गए हैं। हादसे में घायल दोनों युवकों के परिजन भी लखीमपुर खीरी रवाना हो गए हैं।





