उत्तराखंड के कई जिले इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच से छह दिनों तक मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा।
इस दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पहाड़ी पर्यटन स्थल मसूरी में तापमान माइनस एक डिग्री तक गिर चुका है।
कई जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने इस सप्ताह हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में हल्के से मध्यम कोहरे के छाने की संभावना है।
सूखी ठंड से बढ़ी परेशानी
मौसम शुष्क रहने के बावजूद सुबह और शाम की सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन शहरों में दर्ज हुआ तापमान
पंतनगर: अधिकतम 19.4, न्यूनतम 2.5 डिग्री
मुक्तेश्वर: 14.5 और 1.0 डिग्री
नई टिहरी: 14.6 और 0.2 डिग्री
मसूरी: 15.3 और 3.9 डिग्री
खटीमा: 17.0 और 4.0 डिग्री
पिथौरागढ़: 17.7 और 1.9 डिग्री सेल्सियस
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। सुबह के समय कुहासा छाया रह सकता है। दून में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





