ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ और उसके बाद प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के मामले में बाबा हेल्प देम फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य आयोजक शीलू कुमार ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति विधिवत ली गई थी और प्रशासन को पूर्व में पत्राचार कर समस्त जानकारी दी गई थी।

शीलू कुमार के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को मिनी स्टेडियम, बेतालघाट में “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” आयोजित करने हेतु उन्होंने संबंधित विभागों को पूर्व में आवेदन किया था। इस संबंध में 13 जनवरी 2026 को जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी, नैनीताल को संबोधित पत्र दिया गया था, जिसे 19 जनवरी 2026 को आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रसारित किया गया।

शर्तों के साथ मिली थी अनुमति

प्रेस वार्ता में जारी दस्तावेजों के अनुसार, कार्यक्रम को कुछ शर्तों के अधीन अनुमति प्रदान की गई थी। अनुमति केवल मिनी स्टेडियम के खेल मैदान के उपयोग तक सीमित थी। विद्युत संयोजन अलग से लेने, पेयजल की व्यवस्था स्वयं करने, खेल मैदान को किसी प्रकार की क्षति न पहुँचाने, कार्यक्रम के बाद सफाई कराने और अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी शर्तें स्पष्ट रूप से निर्धारित की गई थीं।

इसके अतिरिक्त यह भी शर्त रखी गई थी कि आयोजन आर्थिक लाभ के उद्देश्य से न हो तथा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं जनहित में आयोजित किया जाए। स्टेडियम की किसी भी क्षति की भरपाई आयोजक संस्था द्वारा किए जाने का भी उल्लेख अनुमति पत्र में था।

प्रशासन को दी गई थी प्रतिलिपियां

अनुमति आदेश की प्रतिलिपि थाना प्रभारी बेतालघाट, तहसीलदार बेतालघाट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी, मिनी स्टेडियम प्रभारी और जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी, नैनीताल को भी प्रेषित की गई थी।

शीलू कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन आयोजन प्रशासनिक अनुमति और शर्तों के तहत किया गया था।

उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता करना है।

गौरतलब है कि कंबल वितरण के दौरान अव्यवस्था के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  यूजीसी गाइडलाइन के विरोध में सवर्ण शक्ति संगठन की प्रेस वार्ता, 21 फरवरी को आक्रोश रैली का ऐलान
error: Content is protected !!