ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य इन क्षेत्रों में यातायात को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है।

पुलिस के अनुसार शनिवार और रविवार को कैंची धाम, भवाली और भीमताल में यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसे देखते हुए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़–मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।

हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होते रहेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली से पहले रोका जाएगा या उन्हें रामगढ़ व खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

भीमताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

इसी तरह नैनीताल या गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहां से भी शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम मंदिर तक भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वीकेंड के दौरान जारी ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान का पालन करें और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुविधा मिल सके।

यह भी पढ़ें :  अल्मोड़ा में प्रेस क्लब अध्यक्ष जगदीश जोशी को डीएम अंशुल सिंह ने दिलाई शपथ
error: Content is protected !!