नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी हितेश शर्मा को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को वादी गुरमीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी ग्राम कंदला ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि आरोपी अर्जुन और उसके साथियों ने एक राय होकर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से तमंचे तथा लाठी-डंडों से हमला किया।
इस मामले में कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 56/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 109, 333, 352 और 351(3) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए वांछित आरोपी हितेश शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





