ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। रविवार को हल्द्वानी के पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुई सड़क दुर्घटना, जिसमें एक वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए हैं।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 तथा शासन के निर्देशों के तहत नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जारी आदेश में जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण करने, किसी भी पक्ष की लापरवाही अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस संस्तुतियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें 15 दिन के भीतर विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।

साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जांच अधिकारी को घटना से संबंधित सभी साक्ष्य—जैसे सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान—तत्काल उपलब्ध कराएं।

इधर, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने आमजन से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या साक्ष्य हो तो वे 15 दिन के भीतर किसी भी कार्यदिवस में उनके कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

दुर्घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पनचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेंचलेस तकनीक का प्रयोग किया जाए। जहां भी सड़क पर गड्ढे बनाए जाएं, वहां यातायात सुचारू रखने के लिए सड़क को अस्थायी रूप से चौड़ा किया जाए तथा कार्य पूर्ण होने पर पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।

निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा एवं सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : पहाड़ी आर्मी ने ठेकेदार पर लगाया धोखाधड़ी व छवि धूमिल करने का आरोप, कोतवाली में दी तहरीर

You missed

error: Content is protected !!