ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की गई स्कूटी पर सवार चोर बेखौफ शहर में घूम रहा है, जबकि उसकी तस्वीर ट्रैफिक कैमरों में साफ कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं पाई है।

मामला अजबपुर खुर्द स्थित सरस्वती विहार निवासी नितिन सिलवाल की स्कूटी से जुड़ा है, जो 14 नवंबर 2025 की रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इस संबंध में उन्होंने थाना नेहरू कॉलोनी में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला।

जनवरी 2026 में नितिन ने पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत भी दी। इसके बाद मामला तब दिलचस्प मोड़ पर पहुंचा, जब 26 फरवरी 2026 को चोरी की स्कूटी पर सवार व्यक्ति के निरंजनपुर क्षेत्र में एक साथ चार चालान काटे गए।

ये चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और प्रदूषण मानकों के उल्लंघन के तहत किए गए। इन सभी मामलों में कुल 6500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। खास बात यह है कि चालान के दौरान आरोपी की तस्वीर भी ऑटोमेटेड कैमरों में साफ कैद हो गई है।

चालान में ट्रैफिक कांस्टेबल सूरज और अनुज को साक्षी के रूप में दर्ज किया गया है। अब नितिन के पास अपनी स्कूटी तो नहीं, लेकिन चोर की हरकतों का पूरा रिकॉर्ड चालान की कॉपी के रूप में मौजूद है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से कैमरे में कैद है और चालान का पूरा विवरण भी उपलब्ध है, तो फिर पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर पाई?

थाना नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष संजीत कुमार के अनुसार, चालान की जानकारी मिल चुकी है और कैमरे में कैद तस्वीर के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली जाएगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 2 मार्च 2026
error: Content is protected !!