ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी के फतेहपुर बन रेंज के पनियाली में आज  बाघ ने घास काटने गई 55 वर्षीय कमला फर्तियाल को अपना शिकार बनाया

हल्द्वानी। शहर से सटे फतेहपुर जंगल में लापता हुई महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया है। जंगल में पहले महिला की चप्पल, दराती, कपड़े और खून के निशान मिले थे, जिसके बाद बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही थी। सर्च अभियान के दौरान महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल के अंदर से बरामद हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला रोज की तरह जंगल में घास और लकड़ी लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो जंगल में उसकी चप्पल, दराती और कपड़े बिखरे मिले। आसपास खून के धब्बे पाए गए, जिससे जंगली जानवर के हमले की आशंका गहरा गई।

बताया जा रहा है कि बाघ ने महिला के शरीर को बुरी तरह नोच डाला था और आधा हिस्सा खाया हुआ मिला। घटना की सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आक्रोशित ग्रामीण खुद ही जंगल में सर्च अभियान में जुट गए और कई घंटों की मशक्कत के बाद महिला का शव बरामद किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्गम क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों ने शव को डंडे पर बांधकर जंगल से बाहर निकाला। इस दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गश्त बढ़ाने तथा आदमखोर बाघ को पकड़ने की मांग की।

वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राथमिक जांच में बाघ के हमले के संकेत मिले हैं। क्षेत्र में पिंजरा लगाने, कैमरा ट्रैप सक्रिय करने और गश्त बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों को संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की जांच जारी है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने भीमताल विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में किया जनसंपर्क;जनता से किया सीधा संवाद, जमीनी मुद्दों पर की चर्चा

You missed

error: Content is protected !!