ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। डोईवाला शुगर मिल में मशीन की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मैग्मा मिक्सर मशीन अचानक चालू होने से उसमें काम कर रहे तीन मजदूर फंस गए। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पेराई सत्र समाप्त होने के बाद इन दिनों डोईवाला शुगर मिल में मशीनों की सफाई का काम चल रहा है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे मिल में मैग्मा मिक्सर मशीन की सफाई का कार्य 28 वर्षीय जगमोहन, 23 वर्षीय अरुण और 26 वर्षीय घनश्याम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी ने मशीन चालू कर दी, जिससे तीनों मजदूर उसमें फंस गए।

घनश्याम निवासी हरदोई किसी तरह मशीन से कूदकर बाहर निकल आया, जिससे उसके पैर में चोट आई। वहीं जगमोहन और अरुण मशीन में फंस गए। इसके बाद तुरंत मशीन बंद कर दोनों को बाहर निकाला गया और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल जगमोहन पुत्र रामकुमार निवासी कठेथा थाना हरपालपुर जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) को मृत घोषित कर दिया। जबकि अरुण के पैरों में गंभीर चोट आने के कारण कई टांके लगाने पड़े। घनश्याम को भी चोटें आई हैं।

डोईवाला शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि तीनों युवक निजी ठेकेदार के कर्मचारी थे और मशीन की सफाई के दौरान हादसे का शिकार हुए। घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल मशीन किसने चालू की, इसका पता नहीं चल पाया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  महिला दिवस पर हल्द्वानी कोतवाली में सेल्फ डिफेंस कार्यशाला, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी.ने दिया संदेश— “Physically Fit और Mentally Hit बनें”
error: Content is protected !!