ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। मोतीचूर फ्लाईओवर पर गुरुवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। दोनों घटनाओं में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि सभी चालक मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच निकले।

पहली घटना हरिद्वार से रायवाला की ओर आने वाली लेन पर हुई, जहां एक डंपर ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना रायवाला से हरिद्वार जाने वाली लेन पर हुई, जहां स्कार्पियो कार ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया और फ्लाईओवर के सीसी क्रैश बैरियर पर चढ़ गया। स्कार्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों चालकों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों से डीजल और मोबिल ऑयल सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई और अन्य वाहनों के फिसलने का खतरा पैदा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया।

कोतवाली रायवाला के प्रभारी निरीक्षक देवव्रत जोशी के अनुसार, दोनों हादसों की जांच की जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर 8 मार्च को भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और कार में आग लग गई थी। उस दुर्घटना में एक महिला की मौत और 15 लोग घायल हुए थे। महज 11 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर अंधेरा, ढालदार सड़क, तेज रफ्तार और लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें हादसों को न्योता दे रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  एनसीईआरटी की फर्जी किताबों का बड़ा भंडाफोड़, 5 करोड़ की किताबें बरामद; गोदाम सील
error: Content is protected !!