हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्कूटी सवार दो नाबालिग लड़कों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल युवक को आसपास मौजूद लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6 बजे काठगोदाम रेलवे तिराहे के पास एक युवक खड़ा था।
इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो नाबालिग लड़के वहां पहुंचे और अचानक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों हमलावर नाबालिगों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हमले के पीछे एक युवती को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।
हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
काठगोदाम थाना पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





