ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड की राजनीति में ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनके ऊपर लगे आरोपों का मामला एक बार फिर गरमा गया है।

भाजपा से निष्कासित होने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आकर सुरेश राठौर ने महिला पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने दावा किया कि वे एक बड़ी साजिश और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए हैं।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उन्होंने अब तक आरोपी महिला (उर्मिला) को करीब 50 लाख रुपये दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगें खत्म नहीं हो रही हैं। राठौर का कहना है कि महिला और उसके साथ जुड़े कुछ अन्य लोग उन्हें लगातार डरा-धमका रहे हैं और मोटी रकम की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने इसे अपने राजनीतिक करियर को खत्म करने का एक सोचा-समझा षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि “मुझे बदनाम करने के लिए यह झूठा जाल बुना गया है।”

पूर्व विधायक ने अब इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि ब्लैकमेलिंग के इस खेल का पर्दाफाश हो सके। कुछ समय पहले सुरेश राठौर पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ता देख भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

तब से राठौर राजनीतिक परिदृश्य से गायब थे, लेकिन अब उन्होंने ‘पीड़ित’ कार्ड खेलते हुए महिला पर ही पलटवार किया है। पूर्व विधायक के इस खुलासे ने हरिद्वार और आसपास के राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

अंकिता भण्डारी हत्याकांड को लेकर वायरल हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर व अभिनेत्री उर्मिला सनावर के कथित ऑडियो पर मचा घमासान रूकने का नाम नहीं ले रहा है।

जहां कांग्रेस इस मुद्दे हमलावर है तो भाजपा बचाव की मुद्रा में है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर फिर से उर्मिला सनावर पर जमकर हमला बोला।

गुरुवार काे यहां प्रेस क्लब में पूर्व विधायक सुरेश राठौर फिर से मीडिया के सामने आए और स्वयं को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के इशारे पर भाजपा नेताओं को बदनाम कर रही है।

कांग्रेस उर्मिला को टूल किट्स की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उर्मिला को देहरादून की राजपुर सीट से चुनाव लड़ाने का प्रलोभन दिया है।

पूर्व विधायक राठौर ने कहाकि उर्मिला सनावर उन्हें लंबे समय से ब्लेकमैल कर रही हैं, जिसकी भरपाई के लिए उन्हें अपनी एक फैक्ट्री भी बेचनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उर्मिला के खिलाफ उन्होंने पुलिस को भी शिकायत दी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

राठौर ने कहा कि उर्मिला ने भाजपा से भी चुनाव लड़ने की मांग की थी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने भाजपा नेताओं को बदनाम करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं को उनकी पत्नी के रूप में प्रचारित कर भी लोगों और समाज को भ्रमित कर रही हैं। यदि मैं उसका पति हूं तो वह कोर्ट जाए और साबित करें।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उर्मिला के फोन को जब्त कर उसकी फोरेंसिक जांच कराई जाए। साथ ही वायरल ऑडियो की भी जांच हो। उन्होंने उर्मिला के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों में तत्काल कार्रवाई कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की।

उल्लेखनीय है कि उर्मिला और कथित रूप से सुरेश राठौर का बताए जा रहे एक आडियो के बाद से सूबे की राजनीति गरमाई हुई है और मामले को लेकर एक ही दिन में हरिद्वार और देहरादून में उर्मिला और पूर्व विधायक के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमें दर्ज हुए हैं।

यह भी पढ़ें :  सीएम धामी के नैनीताल दौरे को लेकर हाई अलर्ट, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सुरक्षा व्यवस्था पर कसी कमान
error: Content is protected !!