ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में स्वच्छता अभियान चलाया
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल जिले के ग्राम पंचायत जंगलिया गांव को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवेश द्वार से खोपटा कान की ओर जाने वाले ग्रामीण मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने रास्ते के किनारे पड़े प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर मार्ग को साफ-सुथरा बनाया। इस पहल में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सभी ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास के क्षेत्र, रास्तों और घरों को स्वच्छ रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ जीवन का आधार है।
साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 14 अप्रैल को पंचायत घर में दोपहर 2 बजे होटल स्वामियों, होम स्टे संचालकों और अस्थायी रूप से निवास कर रहे लोगों की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में गांव को पूरी तरह स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी संकल्प लिया कि स्वच्छता अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि गांव को एक आदर्श और स्वच्छ स्थान बनाया जा सके।

