ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते प्रदेश में ठंड ने दोबारा दस्तक दे दी है।

अधिकारियों के अनुसार, बदरीनाथ और केदारनाथ धामों में बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं नंदा देवी, फूलों की घाटी और त्रिशूल समेत अन्य ऊपरी इलाकों में तड़के से ही भारी हिमपात जारी है।

उत्तरकाशी जिले के हर्षिल, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही जिले के कई निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

वहीं पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी देखने को मिली। सीमांत जनपद में मौसम के इस बदले मिजाज के चलते कड़ाके की ठंड लौट आई है।

जनपद की प्रमुख चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, ओम पर्वत और नंदा देवी पर ताजा हिमपात के बाद ये पर्वत शृंखलाएं बर्फ की चादर से ढक गई हैं और चांदी की तरह चमक रही हैं।

राजधानी देहरादून में भी दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम के इस बदलाव से जहां एक ओर पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : श्री राम सेवक सभा द्वारा आयोजित होली फोटो प्रतियोगिता का आज घोषित होगा आनलाइन परिणाम
error: Content is protected !!