ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट, 8 से 11 फरवरी तक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी से सक्रिय होगा, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है।

IMD के मुताबिक, 8 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने के साथ ही पहाड़ी जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके प्रभाव से 9 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 10 फरवरी को भी इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 11 फरवरी को भी राज्य के इन्हीं जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है और ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

इधर, पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

साथ ही 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश-बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ छिटपुट से व्यापक बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय स्तर की भारतीय ज्ञान प्रणाली परीक्षा के लिए डीएसबी की छात्रा स्नेहा मुरारी का चयन

You missed

error: Content is protected !!