ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के युवाओं ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। किच्छा निवासी शांभवी तिवारी ने ऑल इंडिया 46वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर की गोल्ड मेडलिस्ट शांभवी को पिछले वर्ष 445वीं रैंक मिलने पर आईआरएस कैडर आवंटित हुआ था। लेकिन उन्होंने बेहतर रैंक के लक्ष्य के साथ तैयारी जारी रखी और महज एक वर्ष में लंबी छलांग लगाते हुए 46वीं रैंक हासिल कर ली।

देहरादून निवासी मीनल नेगी ने ऑल इंडिया 66वीं रैंक हासिल की है। उनके पिता प्रीतम सिंह नेगी सरकारी शिक्षक हैं। मीनल ने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की।

चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के छुलापै गांव निवासी अनुज पंत ने 69वीं रैंक प्राप्त की। पिछले वर्ष उन्हें 315वीं रैंक मिली थी और उन्होंने हैदराबाद स्थित पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया था। बेहतर रैंक के लिए उन्होंने प्रशिक्षण बीच में ही छोड़कर दोबारा तैयारी की और इस बार उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

भीमताल निवासी एलआईयू कर्मी बीना गर्ब्याल की पुत्री सौम्या गर्ब्याल ने भी यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सौम्या वर्तमान में अल्मोड़ा में एसडीएम के पद पर तैनात हैं और मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के धारचूला तहसील के गर्ब्यांग गांव की रहने वाली हैं।

हरिद्वार के बहादराबाद निवासी तुषार चौहान ने तीसरे प्रयास में 216वीं रैंक हासिल की। वहीं कलियर निवासी ट्रक चालक की बेटी फैरूज फातिमा ने 708वीं रैंक प्राप्त कर कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता की मिसाल पेश की।

चंपावत के लोहाघाट के समीप कलीगांव निवासी अनुप्रिया राय ने लगातार तीसरी बार परीक्षा पास की और इस बार ऑल इंडिया 258वीं रैंक हासिल की।

इसके अलावा उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र के बनाल पट्टी गुलाड़ी गांव निवासी आशुतोष नेगी ने 398वीं रैंक प्राप्त की, जबकि सुनाली गांव के ऋषभ नौटियाल ने 552वीं रैंक हासिल की।

जौनसार-बावर क्षेत्र के खत लखवाड़ के जखनोग गांव निवासी स्वप्निल सेमवाल ने अपने पांचवें प्रयास में 600वीं रैंक हासिल की। इसी गांव के आयुष सेमवाल को 851वीं रैंक मिली, जबकि बृनाड गांव निवासी आस्था सिंह ने 934वां स्थान प्राप्त किया।

इस वर्ष यूपीएससी परीक्षा में उत्तराखंड के युवाओं की सफलता ने प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ा दी है। उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में रंगों संग नारी शक्ति का उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया एकता का संदेश
error: Content is protected !!