ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस की कार्रवाई, गैर-जमानती वारंट के बाद घरों में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
चोरगलिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद जिले में फरार और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर दिखाई देने लगा है।

इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस ने मारपीट के एक मामले में लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर निवासी राकेश पलड़िया पुत्र स्व. कैलाश पलड़िया ने थाना चोरगलिया में तहरीर देकर बताया था कि खेत में रास्ते और गूल को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान अभियुक्तों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गए। उपचार के दौरान उनके सिर पर नौ टांके लगाए गए थे।
मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 26/2026 के तहत धारा 118(1)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 109/351(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
गिरफ्तारी से बच रहे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मारपीट एवं अन्य आपराधिक मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
एसएसपी के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास करते रहे।
लगातार फरारी के चलते पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी करवाए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों के ग्राम गजेपुर, पोस्ट कुँवरपुर स्थित घरों पर दबिश दी।
चारों आरोपी गिरफ्तार
उपनिरीक्षक नीशू गौतम के नेतृत्व में चोरगलिया पुलिस टीम ने दबिश देकर मामले में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में—
जयदत्त शास्त्री, पुत्र स्व. भूपाल सिंह, निवासी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर, थाना चोरगलिया।
भैरव दत्त, पुत्र जयदत्त शास्त्री, निवासी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर।
योगेश उर्फ युगल, पुत्र जयदत्त शास्त्री, निवासी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर।
नवीन, पुत्र बुद्धिबल्लभ, निवासी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर।
शामिल हैं।
आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद 23 अगस्त 2026 को आरोपी भैरव दत्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया। पुलिस टीम ने लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी बरामद की है। बरामदगी को विवेचना में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय में मिशन ग्रीन के तहत पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
error: Content is protected !!