ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भवाली (नैनीताल)। हिंदू किशोरी के गर्भवती होने और मुस्लिम युवक साहिल पर दुष्कर्म के आरोप के बाद भवाली में माहौल गरमा गया है। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद जहां हिंदूवादी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है, वहीं मुस्लिम समुदाय ने भी विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।

मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर मुख्य चौराहे पर भाजपा के चार नेताओं के पुतले फूंके और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ नेता शहर का सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही नजूल भूमि पर बसे लोगों के चिन्हीकरण और संभावित कार्रवाई का भी विरोध किया गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बाहरी लोगों को बुलाकर नजूल में बसे लोगों को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बाद में सभासदों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कबीर साह, फरदीन अंसारी, दीपक आर्या, रहमान कुरैशी, इदरीस खान, जावेद, बिलाल, यश, मनीष, सूरज, अमील, आदिल, शीलू कुमार, नरेश पांडेय, किशन अधिकारी, पवन रावत, सुमित सिंह, प्रदीप आर्या सहित कई लोग मौजूद रहे।

इधर, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने भी कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने भवाली क्षेत्र में तेजी से बदल रही जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफी) पर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग नाबालिग किशोरियों को निशाना बना रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने भवाली सेनिटोरियम मस्जिद की भूमि की वास्तविक स्वीकृति की जांच कराने तथा शेष भूमि को जनहित कार्यों में उपयोग करने की मांग की। साथ ही स्टांप पर बेची जा रही सरकारी एवं नजूल भूमि की बिक्री पर रोक लगाने का भी अनुरोध किया।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला मंत्री मनोज भट्ट, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मनोज जोशी, सभासद पूरन बिष्ट, दिनेश सांगुड़ी, शिवांशु जोशी, कमल चिलवाल, कमल सुयाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड का लाल दिल्ली की लापरवाही का शिकार: खुले गड्ढे में गिरकर कमल की मौत, सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

You missed

error: Content is protected !!