ऑपरेशन क्रैकडाउन: नैनीताल में सघन सत्यापन अभियान, 302 लोगों का वेरिफिकेशन, 78 पर कार्रवाई
नैनीताल। आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव के तहत नैनीताल पुलिस ने व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
उत्तराखंड पुलिस के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के माध्यम से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में 15 फरवरी 2026 से एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं डॉ. जगदीश चन्द्र व मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में जनपदभर में सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
🔍 अभियान के तहत प्रमुख कार्यवाही
90 होटल/ढाबों की जांच
302 लोगों का सत्यापन
78 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई
₹39,250 का जुर्माना वसूला गया
📌 किन-किन स्थानों पर हो रहा सत्यापन
पुलिस द्वारा होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, हॉस्टल, पेइंग गेस्ट हाउस, धर्मशाला, आश्रम, फैक्ट्री, शैक्षणिक संस्थान व किराये के मकानों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।
बाहरी राज्यों व अन्य देशों से अध्ययन या नौकरी के लिए आए लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर रखकर एसओजी व स्थानीय अभिसूचना इकाई निगरानी कर रही है।
📢 जनता से अपील
पुलिस ने मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने तथा आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से स्थानीय थाने को देने की अपील की है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी जा सके।














