भीमताल/नैनीताल। मुख्यमंत्री धामी के प्रस्तावित नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने रामलीला ग्राउंड, भीमताल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा एवं एक्सेस कंट्रोल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने, सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान चलाने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
एसपी नैनीताल ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान शालीन एवं विनम्र व्यवहार रखने की हिदायत देते हुए कहा कि वीआईपी मूवमेंट से पहले सभी मार्गों से अवरोध और रुकावटें हटाकर व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं पूर्ण मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ (यूटी) अंकित थपलियाल, प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश यादव, निरीक्षक यातायात भवाली महेश चंद्र सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद ने भी नैनीताल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
