हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर में लंबे समय से चल रहे अनैतिक कार्यों के काले कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTT) ने स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके और स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से 3 पुरुषों सहित कई युवतियों को पकड़ा है।
स्पा की आड़ में हो रहा था गंदा धंधा, लोग थे परेशान
जानकारी के अनुसार, तिकोनिया क्षेत्र में स्थित इस स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से पुलिस को मिल रही थीं। स्थानीय लोग भी स्पा सेंटर की संदिग्ध गतिविधियों से खासे परेशान थे।
इन गंभीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम को तत्काल और सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए।
सीओ और कोतवाल ने खुद संभाली कमान, घेराबंदी कर मारा छापा
एसएसपी के आदेश पर एएचटीटी ने बेहद गोपनीय तरीके से योजना बनाई। स्पा सेंटर की घेराबंदी करने के लिए सीओ अमित सैनी और कोतवाल विजय मेहता खुद पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की भारी फोर्स ने जैसे ही अचानक स्पा सेंटर के भीतर एंट्री की, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और किसी को भागने का मौका तक नहीं मिला।
आपत्तिजनक स्थिति में 3 युवकों और कई युवतियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को कोतवाली लाया गया है, जहां पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संलिप्त स्पा संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त एक्शन लिया जाएगा शहर में अवैध गतिविधियों और जिस्मफरोशी के धंधे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


