कैंची धाम मेला: 15 जून को स्थापना दिवस पर उमड़ेगी भीड़, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; 3 दिनों तक तैनात रहेंगी डॉक्टरों की 5 टीमें, सुशीला तिवारी अस्पताल बैकअप पर
हल्द्वानी। भवाली स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जू्न को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 14 से 16 जून तक डॉक्टरों की पांच विशेष मेडिकल टीमें मंदिर परिसर में तैनात रहेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. हरीश पंत ने बताया कि मेले के दौरान तीन एम्बुलेंस और एक 108 आपातकालीन सेवा वाहन चौबीसों घंटे मुस्तैद रहेंगे। मेडिकल टीमों में विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल किए गए हैं तथा सभी आवश्यक दवाइयों, जीवन रक्षक इंजेक्शन और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
हर वर्ष 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
इस अवसर पर बाबा के दर्शन और मालपुए का प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं।


