ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कालाआगर-धुरा के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग आखिरकार पूरी हो गई। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नवनिर्मित कालाआगर-धुरा मोटर मार्ग का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। लंबे समय से ग्रामीण मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे।

सड़क के अभाव में लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था, जिससे दैनिक जीवन के साथ-साथ खेती-बाड़ी और आजीविका भी प्रभावित होती थी। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मोटर मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराई गई और अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क का लोकार्पण किया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिवहन के लिए अधिक किराया देना पड़ता था, जिससे उनकी आय का बड़ा हिस्सा ढुलाई में ही खर्च हो जाता था। अब मोटर मार्ग बनने से कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क बनने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं तक पहुंच भी पहले से बेहतर होगी।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मोटर मार्ग निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

यह भी पढ़ें :  जनता के साथ आत्मीय संवाद में मनोज पाठक ने विकसित कालाढूंगी के निर्माण का लिया संकल्प

You missed

error: Content is protected !!