ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम, 25 स्कूलों के बीच रोमांचक मुकाबले; आर्यमन विक्रम बिड़ला इंस्टीट्यूट हल्द्वानी तीसरे और सेंट पॉल काठगोदाम चौथे स्थान पर रहा

नैनीताल। मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में आयोजित दो दिवसीय इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का रविवार देर शाम भव्य समापन हो गया।

नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और बरेली जनपद के 25 विद्यालयों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

दो दिनों तक चले मुकाबलों में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान नैनीताल, भवाली, भीमताल, रामनगर, बाजपुर, रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर, बरेली तथा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम गोलापार, हल्द्वानी के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।

पदकों और अंकों के आधार पर बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 स्वर्ण और 16 रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं वुडब्रिज स्कूल, भवाली-भीमताल ने 22 स्वर्ण और 15 रजत पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। आर्यमन विक्रम बिड़ला मंदिर इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी ने 15 स्वर्ण और 10 रजत पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम की टीम चौथे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना के लिए वुडब्रिज स्कूल भवाली-भीमताल को ‘बेस्ट डिसिप्लिन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर सिंह रावत तथा विशिष्ट अतिथि छावनी परिषद नैनीताल की मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) सुश्री तनु जाट (IDES) रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी, स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नैनीताल ताइक्वांडो क्लब द्वारा आयोजित इस सफल प्रतियोगिता की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, महासचिव डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, जीवंती भट्ट, प्रगति जैन, अमिता साह, सोनू बिष्ट, अनिल जोशी, मारुति साह, गजाला कमाल, आनंद बिष्ट, धर्मेंद्र सिंह, अजीत कुमार, बहादुर सिंह रौतेला, गिरीश कश्मीरा, पृथ्वीराज किरौला, लीला बिष्ट, पुन्या यादव, संतोष किरौला, डॉ. इकरम सिद्धू, कुंतल मिश्रा, नीलम पनवार, जीवन पांडे, कुमार सर, सौरभ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्लब के संरक्षक गोपाल सिंह रावत, अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव विनोद कुमार वैद्य, भूमिका बनवाल, योगेंद्र योगी, विभोर भट्ट, गोविंद प्रसाद, राकेश, मानसी बरगली, रीता, खुशी भट्ट, गूंजा बिष्ट, सिद्धार्थ, सागर सिंह अधिकारी और लक्ष्य अधिकारी सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों, अध्यापकों, रेफरी पैनल, गोवर्धन हॉल प्रबंधन और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

मंच संचालन दीपक कुमार (भोलू दा) एवं गूंजा बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों ने नैनीताल ताइक्वांडो क्लब को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 24 जुलाई 2026

You missed

error: Content is protected !!