पीड़िता का आरोप- शादी और हिंदू धर्म अपनाने का झूठा भरोसा देकर बनाया शारीरिक संबंध, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर कथित दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी युवक शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में हल्द्वानी में किराये के मकान में रहकर एक मोबाइल शॉप में कार्यरत है। इसी मोबाइल शॉप में मेरठ निवासी शहबाज भी नौकरी करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि शहबाज ने उससे शादी करने का वादा किया और विश्वास दिलाया कि वह उसके लिए मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लेगा। इस भरोसे में आकर उसने आरोपी पर विश्वास किया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार 8 जुलाई को आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि 18 जुलाई को दोबारा जबरन उसका शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। आरोप है कि उसने युवती के मोबाइल फोन से दोनों के बीच की चैट, फोटो और वीडियो भी डिलीट कर दिए। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


