ढाई साल की मासूम को अगवा कर ले जा रहे फेरीवाला, आक्रोशित लोगों ने पिटाई की फिर पुलिस को सौंपा
रूद्रपुर। शहर की आदर्श इंदिरा बंगाली काॅलोनी में घर के भीतर से ढाई साल की मासूम को अगवा कर ले जा रहे फेरीवाले को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस आरोपी के बच्चा चोर गिरोह से जुड़ाव पर जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बुधवार को सीओ कार्यालय में सीओ सिटी आईपीएस निहारिका तोमर ने बताया कि आदर्श इंदिरा बंगाली काॅलोनी निवासी कुछ लोग प्रीत विहार काॅलोनी रुद्रपुर निवासी परवेश को पकड़कर कोतवाली लाए थे।
इन लोगों ने बताया कि परवेश काॅलोनी में रहने वाली महिला शीला बढ़ोई की ढाई साल की बेटी को अगवा कर ले जा रहा था। ढाई साल की बच्ची अपनी 12 वर्षीय बड़ी बहन के साथ घर पर सो रही थी।
मासूम को अज्ञात व्यक्ति को ले जाते देख बड़ी बहन ने शोर मचा दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा किया तो वह बच्ची को फेंककर भागने लगा। घर से करीब 80 मीटर दूर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
परवेश पर धारा 364 आईपीसी में केस दर्ज किया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और फेरी लगाकर बैग बेचने का काम करता है।
आरोपी के बच्चा चोर गिरोह से ताल्लुक रखने का अंदेशा जताते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी परवेश बरेली जिले के बहेड़ी के सागड़ का रहने वाला है। वह प्रीत विहार काॅलोनी में अपने ससुराल में रहकर फेरी लगाने का काम करता है। पुलिस की छानबीन में उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं। हालांकि वह बच्ची को कहा ले जा रहा है, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
सीओ सिटी ने लोगों से अपील की है कि अपने बच्चों को अकेला न छोड़ें। स्कूल आते-जाते बच्चों पर नजर बनाए रखें। गर्मी के मौसम में दिन में सड़क पर भीड़भाड़ कम रहती है।
ऐसे में छोटे बच्चों को घर से बाहर अपनी निगरानी पर रखते हुए विशेष सतर्कता बरतें। मोहल्लों में अनजान और संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।














