साइबर अपराधियों के जाल में फंसकर लोग मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं।
साइबर अपराधियों ने सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर को शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया और 1.16 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दी तहरीर में नैनीताल बैंक के सेवानिवृत्त मैनेजर विपिन चन्द्र चन्दोला निवासी ग्राम गौजाजाली, दक्षिण बाईपास रोड, तीनपानी, हल्द्वानी ने कहा कि 20 सितंबर 2024 को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी।
उसने अपना नाम नीलेश निवासी अहमदाबाद बताते हुए खुद को शेयर मार्केटिंग का एडवाइजर बताया। कहा कि वह अच्छे मुनाफे वाले शेयर को लेकर लोगों को सलाह देता है। इसके बदले में मुनाफे की धनराशि प्राप्त होने पर उसका 20 प्रतिशत कमीशन के रूप में लेता हूं।
उन्होंने उसे शेयर ट्रेडिंग करने की स्वीकृति दी तो उसने समीर नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर देते हुए व्हाट्सएप कॉल करने को कहा था। कॉल करने पर समीर ने उनसे आधार कार्ड व पैन कार्ड मांगा था और अपने मालिक का नाम विकास बताया था।
समीर के साथ ही विकास व उनका बेटा अभिषेक उनको भुगतान के लिए व्हाट्सएप कॉल करते थे। उन्होंने 20 सितंबर 2024 से आठ मई 2025 तक 21 ट्रांजेक्शनों से 1,16,03,000 रुपये ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न बैक खातों में ट्रांसफर किए थे।
कहा कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनको फर्जी तरीके से व्हाट्सएप पर शेयर मार्केटिंग ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने का लालच देकर शेयर मार्केटिंग का फर्जी प्रतिनिधि बनकर 21 ट्रांजेक्शनों के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी की है।पीड़ित ने 21 ट्रांजेक्शन से अपराधियों के बताए खातों में रुपये ट्रांसफर किए हैं। इन खातों का ब्योरा लिया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।-अरूण कुमार, प्रभारी निरीक्षक, साइबर थाना
साइबर अपराध से बचाव के तरीके
– ऑनलाइन लेनदेन में सावधानी बरतें।
– शेयर बाजार में निवेश पर जल्द मुनाफे के झांसे में न आएं।
– सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
– अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें।
– अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
– ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
– साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
– ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में प्रबंधन और पुलिस को सूचित करें।
