ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।

समारोह में बैंक के पूर्व सहायक महाप्रबंधक एमएस डसीला, प्रेम खैनाल, विनोद सनवाल, दीपक पांडे, अजय तोलिया, धीरज पंत, गोपाल, रूचि सजवाण, नीलम रावत, कमलेश पांगती सहित निकटवर्ती शाखाओं के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इसके बाद न्यू पर्ल्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देशप्रेम, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के लिए प्रेरित करना रहा।

न्यू पर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्य रेणु पांडे ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं बैंक के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपने देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बी.डी. नैनवाल एवं दीपक पांडे ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति उनकी जिम्मेदारियों और राष्ट्र की अपेक्षाओं से अवगत कराया तथा मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनके ज्ञान, संस्कार एवं प्रतिभा से राष्ट्र की प्रगति की दिशा तय होगी।

समारोह का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लेने के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस की खुशी, राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

यह भी पढ़ें :  ब्रेकिंग न्यूज़: नैनीताल के खुर्पाताल में गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, पांच लोग घायल; SDRF-दमकल और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू, वीडियो...

You missed

error: Content is protected !!