ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लोगों से हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

इसी क्रम में परिवहन विभाग (आरटीओ) और जिला प्रशासन ने हल्द्वानी में संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को मौके पर हेलमेट वितरित किए गए तथा उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर चालान के साथ-साथ आवश्यक होने पर वाहन सीज करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ अनुपालन करें। “सड़क सुरक्षा, जीवन सुरक्षा” के संदेश के साथ प्रशासन ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में अपराधियों पर डीएम का बड़ा एक्शन: चार कुख्यात छह माह के लिए जिला बदर, तीन को गुंडा एक्ट से राहत
error: Content is protected !!