ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चंपावत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, 25 हजार मानदेय समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर रैली

चंपावत। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। न्यूनतम मानदेय 25 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग के साथ कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

रैली मोटर स्टेशन से कलेक्ट्रेट रोड तक निकाली गई। इस दौरान पुलिस ने जुलूस को भैरवां टैक्सी स्टैंड स्थित धरना स्थल पर रोक दिया, जहां सभा आयोजित की गई। प्रदर्शन को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

प्रदर्शन में टनकपुर, बनबसा, बाराकोट, लोहाघाट और पाटी ब्लॉक से 300 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुईं। संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाया।

प्रमुख मांगें

कार्यकर्ताओं ने सरकार के समक्ष निम्न प्रमुख मांगें रखीं—

न्यूनतम मानदेय 25 हजार रुपये किया जाए

सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष निर्धारित हो

सेवानिवृत्ति पर एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए

भवन भत्ते में बढ़ोतरी

अन्य विभागीय कार्यों के लिए अतिरिक्त मानदेय

इसके अलावा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से न जोड़े जाने, सुपरवाइजर पदों पर वरिष्ठता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया अपनाने तथा नंदा गौरा योजना का लाभ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी दिए जाने की मांग की गई।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विमल पनेरु, गोविंदी मेहता, ब्लॉक पदाधिकारी दीपा पांडे, बबीता और कुसुम अधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 12 फरवरी 2026
error: Content is protected !!