ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र में 11 मार्च 2026 को “प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हर्रासमेंट ऑफ वर्किंग वीमेन एंड स्टूडेंट” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में प्रोफेसर ललित तिवारी तथा पॉश एक्टिविस्ट श्रीमती हीरा जंगपांगी उपस्थित रहीं। श्रीमती हीरा जंगपांगी ने बताया कि वह उधम सिंह नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले लगभग 20 वर्षों से महिला स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा और पॉश जागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं तथा ‘एक्शन ऐड’ नामक एनजीओ से भी जुड़ी हुई हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने कार्यस्थलों पर होने वाले यौन उत्पीड़न के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कई बार किसी का शब्द, वाक्य या स्पर्श भी दूसरे व्यक्ति के लिए मानसिक तनाव, अवसाद और आर्थिक परेशानियों का कारण बन सकता है। इसलिए सभी को अपने व्यवहार की सीमाओं और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।

उन्होंने इस विषय की विस्तृत जानकारी देते हुए विशाखा गाइडलाइंस और भंवरी देवी मामले का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन्हीं विशाखा गाइडलाइंस के आधार पर वर्ष 2013 में पॉश एक्ट लागू किया गया। कार्यक्रम में एक्ट की विभिन्न धाराओं पर भी चर्चा की गई, जिसमें सेक्शन 9 के तहत पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही पॉश कमेटी की भूमिका के बारे में बताया गया, जो ऐसे मामलों की जांच करती है।

माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र में 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक महिला पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के सभी कार्यक्रम “गिव एंड गेन” थीम पर आधारित हैं, जिसका उद्देश्य समुदाय को सकारात्मक योगदान देना और उनके जीवन स्तर पर प्रभाव डालना है।

कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर ललित तिवारी ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण तिवारी ने किया। इस अवसर पर केंद्र की निदेशक प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में ITEP तथा BBA के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सचिन, सरिता, निकिता, काजल सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  होली के जश्न में हत्या, दोस्तों ने रची साजिश और उतार दी गोली
error: Content is protected !!