ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल पुलिस में पदोन्नति का उल्लास: सीओ अमित कुमार सैनी बने अपर पुलिस अधीक्षक, सुनील बिष्ट बने इंस्पेक्टर

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पीपिंग सेरेमनी में लगाए अलंकार, बेहतर जनसेवा और कानून-व्यवस्था के लिए दी शुभकामनाएं।

नैनीताल। नैनीताल पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित गरिमामय पीपिंग सेरेमनी में पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) तथा उपनिरीक्षक सुनील बिष्ट को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नत किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर पारंपरिक रूप से अलंकार एवं सितारे सजाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और नए दायित्वों के साथ भी वे जनसेवा के नए मानक स्थापित करेंगे।

वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी अमित कुमार सैनी ऊधम सिंह नगर, चमोली और नैनीताल जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण सर्किलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें दो सराहनीय सेवा सम्मान पदक भी प्राप्त हो चुके हैं। वहीं, सुनील बिष्ट ने ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और नैनीताल जनपद के विभिन्न थानों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कुशल कार्यशैली से पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ (यूटी) अंकित थपलियाल, सीओ (यूटी) विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : 50-60 हजार के लोन का झांसा देकर लाखों की ठगी, बनभूलपुरा में 19 लोग बने शिकार, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
error: Content is protected !!