ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार एक असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ पीजी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्राचार्य से शिकायत की है।

छात्रों का आरोप है कि संबंधित प्रोफेसर छात्राओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

छात्रों के अनुसार, प्रोफेसर द्वारा छात्राओं के पहनावे और उनके व्यक्तिगत जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं। साथ ही, छात्रों से गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

मामले को लेकर छात्रों ने प्राचार्य डा. जीएस तितियाल से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनके देहरादून में होने के कारण लिखित शिकायत नहीं दी जा सकी। हालांकि छात्रों ने फोन पर मौखिक रूप से पूरी जानकारी प्राचार्य को दे दी है।

छात्रों का यह भी आरोप है कि संबंधित प्रोफेसर उन्हें फेल करने और उपस्थिति कम दर्ज करने की धमकी देते हैं। साथ ही निजी कक्ष में बुलाकर अनुचित सवाल पूछते हैं, जिससे छात्र-छात्राओं पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है।

मेडिकल कॉलेज के एक अन्य फैकल्टी सदस्य ने भी बताया कि हाल ही में उक्त प्रोफेसर का एक डॉक्टर के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, यूजीसी एंटी-रैगिंग सेल और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।

बताया जा रहा है कि प्राचार्य शनिवार को लौटने के बाद इस पूरे मामले में जांच बैठाने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  NH-74 चौड़ीकरण घोटाला: ईडी ने 13.89 करोड़ की संपत्तियां कीं अटैच
error: Content is protected !!