ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। नौकरी पाने की चाहत में साइबर ठगों के जाल में फंसकर प्रेमपुर लोश्ज्ञानी निवासी एक युवक से पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी हो गई।

पीड़ित युवक इलाके में किराना दुकान चलाता है। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 दिसंबर को टेलीग्राम के माध्यम से एक मैसेज आया, जिसमें उसे ऑनलाइन काम के बदले अच्छी कमाई का झांसा दिया गया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने युवक को एक वेबसाइट पर लॉगइन करने के लिए कहा। लॉगइन करते ही युवक के खाते में एक हजार रुपये का बोनस डाला गया, जिससे उसे भरोसा हो गया।

इसके बाद आरोपी के कहने पर युवक ने 25 दिसंबर को 70 हजार, 40 हजार और 87 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। वहीं 31 दिसंबर को भी आरोपी द्वारा बताए गए खातों में 49 हजार, 1.39 लाख और 1.17 लाख रुपये जमा करा दिए। कुल मिलाकर युवक ने पांच लाख रुपये से अधिक की रकम ठगों को दे दी।

जब लंबे समय बाद भी बोनस या रकम वापस नहीं मिली और संपर्क बंद हो गया, तब युवक को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।

कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में रुपये ट्रांसफर हुए हैं, उनका विवरण जुटाया जा रहा है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 17 मार्च 2026
error: Content is protected !!