ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना

मौसम बिगड़ने के संकेत: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, ठंड बढ़ने की आशंका

हल्द्वानी में छाए बादल, बागेश्वर में कोहरा; पहाड़ों पर मौसम बदलेगा

हल्द्वानी। मौसम विभाग ने रविवार यानी 1 फरवरी से उत्तराखंड में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह हल्द्वानी में बादल छाए रहे, बागेश्वर में कोहरा रहा, जबकि मसूरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में धूप खिली रही।

जनवरी के अंतिम सप्ताह हुई बारिश और बर्फबारी के बाद से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। तराई-भाबर क्षेत्र में धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान में कमी आई है। बीते दो दिनों में अधिकतम पारा करीब आठ डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को दिनभर हल्की धुंध के साथ बादल छाए रहे, जिससे ठंड और बढ़ गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हल्द्वानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को 16.6 डिग्री और शुक्रवार को गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में हालिया हिमपात के बाद ठंडी हवाओं का प्रवाह बढ़ गया है। इसी कारण मैदानी इलाकों में भी दिन के समय कंपकंपी महसूस की जा रही है। बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी का असर अभी भी तापमान पर साफ नजर आ रहा है।

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दिनों में पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में जिला बार एसोसिएशन का एक दिवसीय धरना, अधिकारियों पर अभद्रता और भ्रष्टाचार के आरोप; उग्र आंदोलन की चेतावनी

You missed

error: Content is protected !!