सड़क पर बुझ गई एक और जिंदगी, अल्मोड़ा में ट्रक-स्कूटी की टक्कर में मौत
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा–पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाड़ेछीना क्षेत्र के दलबैंड के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी सवार अल्मोड़ा की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके पर ही रुक गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की।
मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
एसओ धौलछीना सुनील बिष्ट ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंपा जाएगा। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।














