ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चित्रशिला धाम की भूमि पर चौपाटी निर्माण, पहाड़ी आर्मी ने एफआईआर और ध्वस्तीकरण की उठाई मांग

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी। रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला धाम और कत्युरी वंश की कुलदेवी माता जिया रानी मंदिर समिति की भूमि पर कथित अतिक्रमण कर चौपाटी निर्माण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पहाड़ी आर्मी संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निर्माणाधीन चौपाटी को तत्काल ध्वस्त किए जाने की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि चित्रशिला धाम स्थित खसरा संख्या 538, जो मंदिर समिति की भूमि है, उस पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर चौपाटी का निर्माण कराया है। पहाड़ी आर्मी का कहना है कि यह स्थान गौला नदी के तट पर स्थित पहाड़ी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा कत्युरी वंश की कुलदेवी माता जिया रानी का पवित्र धाम होने के कारण इसका विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

ज्ञापन में कहा गया है कि धार्मिक स्थल की भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने और कथित अतिक्रमण से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, भूमि खुर्द-बुर्द करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और निर्माणाधीन चौपाटी को तत्काल हटाया जाए।

पहाड़ी आर्मी ने प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पहाड़ी समाज को साथ लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन का कहना है कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

यह ज्ञापन पहाड़ी आर्मी नेता हरीश रावत के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धार्मिक स्थलों की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में अतिक्रमण पर नगर निगम और प्रशासन की सख्त कार्रवाई

You missed

error: Content is protected !!