ब्रेकिंग न्यूज़

पीछा कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर हुई त्वरित गिरफ्तारी; तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। जेल में अपने मित्र से मिलने पहुंचे बाजपुर निवासी एक युवक का कुछ लोगों द्वारा कार से पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध थीं और उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया।

मामले में अराज सिंह सिद्धू पुत्र गुरनाम सिंह सिद्धू, निवासी दीहोरी फार्म, बाजपुर, ऊधमसिंह नगर ने 25 अगस्त 2026 को थाना हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि वह 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने बाजपुर से हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे।

आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। वादी ने पुलिस को यह भी बताया कि उक्त लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध असलाह होने की आशंका है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी नैनीताल मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरागरसी-पतारसी करते हुए CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 25 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।

मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।

गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, थाना केलाखेड़ा, ऊधमसिंह नगर, उम्र 25 वर्ष।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक सौरभ बावा के खिलाफ थाना गदरपुर में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज है, जबकि थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज है।

गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ भी थाना गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज बताया गया है।

वहीं मानव वाट के खिलाफ थाना बाजपुर में वर्ष 2022 में हत्या से संबंधित अभियोग तथा वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

एक अन्य साथी पहले ही तमंचे के साथ पकड़ा गया था

पुलिस के अनुसार इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 32 वर्ष को 24 अगस्त को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए तीनों आरोपी

हल्द्वानी पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज के विश्लेषण, सुरागरसी-पतारसी और त्वरित कार्रवाई के जरिए तीनों आरोपियों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इससे संभावित बड़ी आपराधिक घटना को घटित होने से पहले ही रोकने में सफलता मिली। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों के साथ ही आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने समय रहते सटीक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  चीनी के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, लोगों को पिलाई फीकी चाय

You missed

error: Content is protected !!