ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के दौरान सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा एवं आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि सभी स्थानीय निवासी वैध स्थानीय पहचान पत्र (आईडी) दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निर्बाध आवागमन कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही ऐसी सूचनाओं को आगे साझा करें।

उन्होंने कहा कि कैंची धाम मेले के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने से क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी अनुमति दी जा रही है। इसके लिए श्रद्धालुओं को होटल की पुष्ट बुकिंग दिखानी होगी, जिसके सत्यापन के बाद उन्हें आगे जाने दिया जाएगा।

इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि स्थानीय नागरिकों तथा वैध बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

एसएसपी नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से संयम बनाए रखने तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 27 अगस्त 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.