ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा शनिवार को जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षार्थियों की DFMD और HHMD के माध्यम से सघन जांच की गई तथा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया।

जनपद की एलआईयू और एसओजी टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। वहीं परीक्षा केंद्रों के भीतर सीसीटीवी कैमरों और वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई थी। जोनल एवं सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सभी केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इसके लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की नई प्रबंध समिति निर्वाचित, 13 सदस्यों के नाम घोषित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.